एमवी केप दाओ पर सवार थे कर्मजीतपुर के 23 वर्षीय युवक, भारतीय दूतावास ने की एक भारतीय के मौत की पुष्टि
गणेश धर द्विवेदी
ओमान के पूर्वी तट के पास बुधवार को भारत की ओर आ रहे मालवाहक जहाज एमवी केप दाओ पर हुए हमले ने देवरिया के एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हमले में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव निवासी 23 वर्षीय सूरज यादव की मौत हो गई। भारतीय दूतावास, मस्कट ने एक भारतीय नागरिक के मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद परिवार के सदस्य दूतावास ओमानी अधिकारियों के संपर्क में है और जहाज पर सवार भारतीय नागरिकों की सुरक्षा व मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में समन्वय कर रहा है।
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के अनुसार मृतक की पहचान कर्मजीतपुर गांव निवासी ओम प्रकाश यादव के पुत्र सूरज यादव के रूप में हुई है। यूनियन के मुताबिक सूरज जहाज पर वाइपर के पद पर कार्यरत थे। FSUI ने जहाज पर 28 क्रू सदस्यों और 20 भारतीयों के सवार होने की जानकारी दी है। वहीं भारतीय दूतावास की आधिकारिक जानकारी में 19 भारतीय नागरिकों का उल्लेख किया गया है।
ओमानी अधिकारियों की जानकारी के अनुसार हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई। रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकालकर उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। भारतीय दूतावास ने एक भारतीय नागरिक के मौत की पुष्टि करते हुए अन्य भारतीयों की सुरक्षा को लेकर ओमानी प्रशासन के साथ लगातार समन्वय की बात कही है।

बेटे की मौत की खबर से गांव में पसरा मातम
सूरज के पिता ओम प्रकाश यादव वर्तमान में कुवैत में हैं। परिवार के अनुसार सूरज चार भाइयों में सबसे बड़े थे। विदेश में काम कर परिवार का सहारा बने सूरज की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, कर्मजीतपुर में मातम छा गया। परिजन बेसब्री से उनके पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय दूतावास ने संबंधित एजेंसी, ओमानी अधिकारियों और मृतक के परिवार के संपर्क में रहने की जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय की ओर से भी वाणिज्यिक जहाजों और समुद्री नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। FSUI ने दावा किया है कि जहाज पर दो टॉरपीडो से हमला हुआ था। हालांकि, उपलब्ध आधिकारिक जानकारी में हमले के स्रोत या इसके लिए जिम्मेदार पक्ष की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना ने समुद्री मार्गों पर भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
