रुझानों में भाजपा गठबंधन ने बनाई मजबूत पकड़, 22 सीटों पर बढ़त के साथ सत्ता की ओर तेज कदम

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों ने सियासी समीकरणों को साफ करना शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन बढ़त बनाते हुए सत्ता के करीब पहुंचता दिखाई दे रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक एनडीए 22 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन केवल 6 सीटों पर ही बढ़त बना सका है।

इन रुझानों के बीच भाजपा खेमे में उत्साह साफ नजर आ रहा है। पार्टी के प्रभारी निर्मल कुमार सुराणा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी और केंद्र सरकार से मिले सहयोग का असर अब जनता के फैसले में दिख रहा है। उनके मुताबिक, शुरुआत से ही यह भरोसा था कि जनता इस बार भाजपा गठबंधन को स्पष्ट जनादेश देगी।

पुडुचेरी की राजनीति में यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है, जहां पिछले कुछ वर्षों में विकास और स्थिरता को लेकर लगातार बहस होती रही है। मौजूदा रुझान इस ओर संकेत कर रहे हैं कि मतदाता सरकार के कामकाज से संतुष्ट नजर आ रहे हैं और उसी के आधार पर अपना फैसला सुना रहे हैं।

हालांकि अंतिम परिणाम अभी आने बाकी हैं, लेकिन जिस तरह की बढ़त भाजपा गठबंधन को मिल रही है, उससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि पुडुचेरी में सत्ता की बागडोर एक बार फिर एनडीए के हाथों में जाती दिख रही है।