पैतृक गांव बरहज में श्रद्धा, सम्मान और भावुक माहौल के बीच मनाई गई पूर्व सांसद एवं प्रखर समाजवादी विचारक स्वर्गीय मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि
गणेश धर द्विवेदी
समाजवादी चिंतक, पूर्व सांसद एवं प्रखर समाजवादी विचारक स्वर्गीय मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव बरहज में श्रद्धा, सम्मान और भावुक माहौल के बीच मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधायक, वरिष्ठ नेता एवं समाजवादी विचारधारा से जुड़े साथी मौजूद रहे। करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पूरा परिसर समाजवादी नारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने स्वर्गीय मोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मोहन सिंह का पूरा जीवन समाजवाद, सादगी, संघर्ष और सिद्धांतों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाया।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मोहन सिंह ने राजनीति में रहते हुए कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनका जीवन संघर्ष और विचारों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है। आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके विचारों और संघर्षों को याद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस अवसर पर स्वर्गीय मोहन सिंह की पुत्री कनकलता सिंह ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन बेहद सादगीपूर्ण था। पद और प्रतिष्ठा मिलने के बावजूद उन्होंने सामान्य जीवनशैली को नहीं छोड़ा। अध्ययन, लेखन, समाजवाद और कमजोर वर्गों के लिए आवाज उठाना उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनके पिता ने हमेशा सिखाया कि व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके विचार, व्यवहार और समाज के प्रति योगदान से होती है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, वर्तमान विधायक, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। शिवपाल सिंह यादव के अपने बीच पहुंचने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय मोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए समाजवादी रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में समाजवादी नारों की गूंज सुनाई देती रही। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय मोहन सिंह के विचार, सादगी, संघर्ष और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता समाजवादी कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय मोहन सिंह को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
