बदमाश महिलाओं को निशाना बनाकर देते थे घटना को अंजाम, हाल के दिनों में हुई घटनाओं के खुलासे का पुलिस ने किया दावा

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया में महिलाओं से छिनैती व लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने हाल के दिनों में हुई घटनाओं के खुलासे का दावा किया है। बताया गया कि पुलिस टीम को यह कामयाबी शनिवार की देर रात हुई मुठभेड़ मिली। पुलिस के मुताबिक बदमाशों से हुए मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा बाल अपराधी निकला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध व्यक्तियों की खोज को लेकर रुद्रपुर, गौरीबाजार और सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम शनिवार की रात तकरीबन 11.30 बजे रामपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इस बीच केटीएम बाइक से आते हुए दो व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार बैरियर तोड़ कर भागने लगे। यह देख पुलिस पीछा करने लगी।

पुलिस के अनुसार गुरुजघाट पुलिया के समीप मोड़ पर बदमाशों की बाइक फिसल गई, फिर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे घायल होकर वह वहीं गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भेजा। इसके साथ दूसरा बाल अपराधी बताया जाता है। पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान फाजिल नगर थाना क्षेत्र के पटहेरवा निवासी जैनुद्दीन के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक बदमाशों के पास से 315 बोर का तमंचा, छह जिंदा कारतूस, झपट्टामारी कर लूटी गई एक सोने की अंगुठी, हाथपलानी, छह हजार रुपए नकदी और एक केटीएम बाइक बरामद हुआ। बरामद नकदी झपट्टामारी में लूटे गए गहनों के विक्री से प्राप्त हुआ था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों ने 3 मई को गौरीबाजार क्षेत्र से और 26 मई को बरियारपुर थाना क्षेत्र के बगहा चौरी के पास हुई घटना को अंजाम देने की बात को कबुला है।