गणेश धर द्विवेदी

बैतालपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत उधोपुर में शौचालय निर्माण के दौरान सेप्टिक टैंक में गिरने से करीब चार वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। घटना के बाद पंचायत स्तर पर शौचालय निर्माण की निगरानी और मानकों के अनुपालन को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

जिला पंचायत राज अधिकारी के अनुसार ग्राम पंचायत उधोपुर निवासी गीता देवी पत्नी दीनानाथ प्रसाद को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण के लिए प्रथम किस्त जारी की गई थी। बताया गया कि वाटर लॉगिंग की समस्या के कारण लाभार्थी द्वारा शौचालय के लिए सेप्टिक टैंक का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान करीब चार वर्षीय बालक टैंक में गिर गया। हादसे में बच्चे की आकस्मिक मौत हो गई।

प्रकरण की जांच में सामने आया कि सेप्टिक टैंक का निर्माण निर्धारित मानकों की तुलना में काफी बड़ा कराया गया था। अधिकारियों के मुताबिक संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा अपने पर्यवेक्षणीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया गया। वहीं, लाभार्थी द्वारा भी निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण कराया जाना घटना के कारणों में शामिल पाया गया।

जिलाधिकारी के 7 अक्टूबर 2026 के अनुमोदन के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें विकासखंड गौरीबाजार से संबद्ध किया गया है। मामले की विभागीय जांच के लिए सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (प्राविधिक), देवरिया को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

जांच अधिकारी को नियमानुसार आरोप पत्र तैयार कर अनुमोदन के बाद संबंधित कर्मचारी को उपलब्ध कराने तथा एक माह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शौचालय निर्माण में तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी पर विशेष जोर दिए जाने की उम्मीद है।