गणेश धर द्विवेदी
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की जनपद देवरिया इकाई ने मंगलवार को टाउन हॉल स्थित सुभाष चौराहे पर UGC विनियमों के रोलबैक और आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार पर सुधार की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने समान अवसर, समान शिक्षा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था का उद्देश्य वंचित वर्गों को आगे बढ़ने का अवसर देना रहा है, लेकिन बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश में इसकी व्यापक समीक्षा जरूरी है। उन्होंने मांग की कि आरक्षण का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
मोर्चा ने UGC के संबंधित प्रावधानों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता, पारदर्शिता और निष्पक्षता का वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में समान प्रतिस्पर्धात्मक मानदंड लागू करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी जाति या वर्ग के विरोध में नहीं, बल्कि समान अवसर, पारदर्शिता और आर्थिक न्याय की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि मांगों पर व्यापक और न्यायपूर्ण नीति बनने तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जनजागरण अभियान जारी रहेगा। धरने में मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

