पुरानी रंजिश में मारपीट और पिस्टल तानकर धमकाने का आरोप, पुलिस ने भेजा जेल
गणेश धर द्विवेदी
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लखनचक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और पिस्टल तानकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक नाजायज चाकू और एक पंच बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के बनचरा जगदीशपुर निवासी मुकेश चौहान (22) पुत्र मोहनलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे की है। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर मुकेश चौहान ने अपने भाई अखिलेश चौहान और दोस्तों सचिन, रोहित व किशन चौहान के साथ मिलकर अजय चौहान के साथ मारपीट की। इस दौरान पंच से हमला करने, जान से मारने की धमकी देने और पिस्टल तानने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित की सूचना पर गौरीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
अजय चौहान की तहरीर के आधार पर गौरीबाजार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 452/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 115(2), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/25 और 4/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, कांस्टेबल तेजू गौड़ और कांस्टेबल प्रदीप यादव शामिल रहे। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
