क्रीड़ा भारती गोरक्ष प्रांत के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर, देवरिया के प्रांगण में जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
गणेश धर द्विवेदी
क्रीड़ा भारती गोरक्ष प्रांत के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर, देवरिया के प्रांगण में जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पहले दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में लिटिल फ्लावर स्कूल, सलेमपुर और सरस्वती विद्या मंदिर, देवरिया की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले चरण की ओर कदम बढ़ाया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला लिटिल फ्लावर स्कूल, सलेमपुर और जवाहर नवोदय विद्यालय, देवरिया के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में लिटिल फ्लावर स्कूल, सलेमपुर ने 2-1 से जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में सरस्वती विद्या मंदिर, देवरिया और सनबीम स्कूल की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मैच में सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 5-1 से शानदार विजय प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य और टीम भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती गोरक्ष प्रांत के अध्यक्ष डॉ. अरुण प्रजापति, देवरिया के विभाग संयोजक राम यादव, जिला संयोजक आशीष सिन्हा, सह संयोजक देवेश यादव तथा क्रीड़ा केंद्र प्रमुख नागेंद्र कुमार सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
