परिवार न्यायालय में सुलह-समझौते से विवादों का निस्तारण, खुशी-खुशी घर लौटे बिछड़े जोड़े

गणेश धर द्विवेदी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में पांच विवाहित दंपतियों के जीवन में फिर से खुशियां लौट आईं। लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवादों को आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से समाप्त कराकर इन जोड़ों की सम्मानपूर्वक और सुखद विदाई कराई गई। न्यायालय परिसर से जब दंपति एक-दूसरे का हाथ थामकर अपने घरों के लिए रवाना हुए, तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

परिवार न्यायालय में आयोजित इस पहल के दौरान प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय ब्रजेश मणि त्रिपाठी तथा अपर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय कक्ष संख्या-02, शिखा रानी जायसवाल ने दोनों पक्षों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। न्यायाधीशों के प्रयास से दंपतियों के बीच आपसी मतभेद दूर हुए और उन्हें साथ रहने के लिए राजी किया गया।