- JVC ने पलटा खेल, एआईएडीएमके की वापसी का अनुमान
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सामने आए एग्जिट पोल ने सियासी समीकरण पूरी तरह उलझा दिए हैं। एजेंसियों के सर्वे में अलग-अलग तस्वीर सामने आ रही है, जिससे यह साफ हो गया है कि इस बार मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद अनिश्चित हो गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल की हो रही है, जिसने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। इस सर्वे के अनुसार अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम एक बड़ी ताकत बनकर उभर सकती है और उसे 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं डीएमके गठबंधन को 92 से 110 सीटें और एआईएडीएमके गठबंधन को 22 से 32 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। यह अनुमान संकेत देता है कि एक नई पार्टी राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर सकती है।
दूसरी ओर पीपुल्स पल्स के एग्जिट पोल में तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आती है। इस सर्वे में सत्ताधारी डीएमके गठबंधन को स्पष्ट बढ़त दी गई है और उसे 125 से 145 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं एआईएडीएमके गठबंधन को 65 से 80 सीटों के बीच सीमित बताया गया है। इस सर्वे में विजय की पार्टी प्रमुख दावेदार के रूप में सामने नहीं दिखती, जिससे राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो जाते हैं।
इसी बीच जेवीसी के एग्जिट पोल ने बाकी सभी आकलनों को पलटते हुए एक अलग ही तस्वीर पेश की है। इस सर्वे के मुताबिक एआईएडीएमके गठबंधन की सत्ता में वापसी हो सकती है और उसे 128 से 147 सीटें मिलने का अनुमान है।
वहीं डीएमके गठबंधन 75 से 95 सीटों तक सिमट सकता है, जबकि तमिलगा वेत्री कड़गम को 8 से 15 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
इन एग्जिट पोल के आंकड़ों से साफ है कि तमिलनाडु में इस बार चुनावी तस्वीर बेहद उलझी हुई है। कहीं नई पार्टी की एंट्री से समीकरण बदलते दिख रहे हैं, तो कहीं पारंपरिक दल अपनी पकड़ बनाए हुए हैं। अब असली तस्वीर मतगणना के बाद ही सामने आएगी, जब यह तय होगा कि तमिलनाडु की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।
