त्योहारों में भाईचारा बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
गणेश धर द्विवेदी
आगामी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की मौजूदगी में हुई बैठक में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों पर मंथन किया गया।
डीएम ने कहा कि सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को कायम रखते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों के प्रसार से बचने की अपील की। कहा कि सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध या भ्रामक सूचना मिले तो उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल प्रशासन को जानकारी दें।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में करीब 3500 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित होंगे। उन्होंने पंडाल समितियों को अनुमति लेकर निर्धारित शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए। पंडालों में ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल पर रोक, पर्याप्त प्रवेश-निकास द्वार, रेत, पानी और सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सड़क किनारे पंडाल न लगाने तथा महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पूजा के नाम पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। पंडालों में अश्लील गाने और आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगर निकायों को पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पंडालों में शस्त्र प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, नगर निकायों के अधिकारी, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
