पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने मान सिंह बिशेन को बनाया मध्य प्रदेश का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष

स्टेट ब्यूरो, लखनऊ

एनडीए की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) की मुखिया आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी को आकार देने में जुटी हैं। यूपी से लेकर एमपी तक सांगठनिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। यूपी में जहां जनपद और मंडल स्तर पर संगठन को विस्तार दिया जा रहा है, वहीं पार्टी अब मध्य प्रदेश (एमपी) में भी अपनी पुरानी जमीन को सहेजने में जुट गई है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की संतुति पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मान सिंह बिशेन को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नामित कर, मध्यप्रदेश में अपना दल के करावां को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

उधर, मान सिंह बिशेन को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नामित किए जाने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व यूपी की योगी कैबीनेट के मंत्री आशीष पटेल ने बधाई दी। पार्टी को मजबूत करने का मूल मंत्र देते हुए उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य करने की नसीहत दी है।

पार्टी के मध्य प्रदेश प्रभारी के रूप में बीते एक वर्ष से पूरे प्रदेश को मथने वाले राष्ट्रीय महासचिव आरबी सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की बनाई हुई जमीन पर कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज खड़ी है। पार्टी की मुखिया ने उस फौज का कमांडर नियुक्त कर दिया है। अब वह दिन दूर नहीं है, जब एमपी में भी अपना दल सरकार का सहयोगी होगा।

कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष के बारे में बताया जाता है कि डॉ. सोनेलाल पटेल से इनकी मुलाकात सतना जनपद में 1998 में हुई थी और उसी समय इन्होंने दल की सदस्यता ली थी। इसके बाद जिला ईकाई में जुड़कर कार्य किया। बाद में पार्टी ने इन्हें जिले का प्रवक्ता बनाया। इनके कार्य और क्षमता को देखते हुए पार्टी ने युवा मंच का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके बाद प्रदेश में युवओं को पार्टी से जोड़ा। बताया जाता है कि इनके इस जुझारूपन को देखते हुए  डॉ. सोनेलाल पटेल ने इन्हें विधानसभा का चुनाव भी लड़ाया। हालांकि चुनाव में हार मिली, लेकिन दल के प्रति निष्ठावान रहे और उसी निष्ठा की बदौलत पार्टी की मुखिया ने उन्हें मध्य प्रदेश की कमान सौंपी है।