गणेश धर द्विवेदी
शहीदे आजम भगत सिंह की जयंती पर सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा देवरिया नगर मंडल की ओर से नई कॉलोनी चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान भाजपाइयों ने भगत सिंह के त्याग, साहस और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को तत्कालीन लायलपुर जिले के बंगा में हुआ था। बचपन से ही उनके भीतर देशभक्ति और क्रांतिकारी विचारों की भावना थी। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। वर्ष 1929 में ब्रिटिश सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने केंद्रीय विधानसभा में बम फेंककर गिरफ्तारी दी।
पवन मिश्र ने कहा कि अंग्रेजी शासन ने भगत सिंह को महज 23 वर्ष की उम्र में फांसी की सजा दी। उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान ने उन्हें देश के युवाओं के लिए अमर प्रेरणास्रोत बना दिया। उनका बलिदान युगों-युगों तक याद किया जाएगा।
पूर्व मीडिया प्रभारी अम्बिकेश पाण्डेय ने कहा कि भगत सिंह केवल महान क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि प्रखर विचारक और लेखक भी थे। उनके लेख और जेल डायरी आज भी युवाओं को देश, समाज और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हैं।
इस अवसर पर अरुण मिश्र, डॉ. विनोद पाण्डेय, विजेंदर चौहान, वीरेंद्र पाठक, रत्नेश्वर गर्ग, विजय कुशवाहा, चैतन्य मणि, सूरज विश्वकर्मा, सूरज मिश्र, अशोक उपाध्याय, रास बिहारी चंद और शिवांश श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
