गणेश धर द्विवेदी

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर ने शुक्रवार को थाना महुआडीह का निरीक्षण कर अभिलेखों और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मालखाना, अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मिशन शक्ति रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की गहनता से जांच की।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में आमजन से संवाद स्थापित किया। उन्होंने पैदल गश्त कर क्षेत्र की सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आमजन की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए।