मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग लेकर लगातार दूसरे दिन जुटे प्रदर्शनकारी
नई दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया। आइसा और एआईएसएफ से जुड़े कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने उन्हें बैरिकेडिंग पर रोक दिया। आगे बढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की की स्थिति बनी और कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस बसों में बैठाकर मौके से ले गई। कुछ कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर विरोध जताते रहे।
आइसा ने शनिवार दोपहर एक बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा भी प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की। सामने आए दृश्यों में एक बैरिकेड को उठाकर फेंकते हुए भी देखा गया।
प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास पहले से सुरक्षा कड़ी कर रखी थी। प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात थे। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और इलाके में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू था।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को भी जंतर-मंतर के आसपास प्रदर्शन हुआ था। शनिवार को दोबारा प्रदर्शनकारी पहुंचे तो पुलिस ने अनुमति नहीं होने और धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए उन्हें प्रदर्शन स्थल तक जाने से रोक दिया।
