13 अक्टूबर को होगा जनसंवाद में विपक्ष के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों के बीच स्थानीय मुद्दों पर होगी चर्चा

गणेश धर द्विवेदी

स्थानीय एवं क्षेत्रीय जनसमस्याओं पर चर्चा और उनके समाधान की संभावनाएं तलाशने के लिए मंगलवार, 13 अक्टूबर को देवरिया में ‘लोक हुंकार’ पूर्वांचल की आवाज़ के तत्वावधान में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। टाउन हॉल स्थित मोहन सिंह प्रेक्षागृह में विभिन्न जन संगठनों एवं नागरिक संघों के साझा मंच के इस कार्यक्रम में विपक्ष के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। यहां क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को सामने रखने के साथ ही उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बताया गया कि इस कार्यक्रम में जनसमस्याओं को लेकर जन आंदोलनों की भूमिका और जनता की लोकतांत्रिक एवं राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा होगी। आयोजकों का उद्देश्य विभिन्न वर्गों के लोगों को एक मंच पर लाकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

आयोजकों ने आम नागरिकों, जन संगठनों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि जनसंवाद के माध्यम से स्थानीय और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा की जाएगी। इस कार्यक्रम के संयोजक प्रो. देवेश दुबे और अशोक भारती हैं, जबकि क्षेत्रीय संयोजक के रूप में अशोक कुमार कुशवाहा और सुमित चतुर्वेदी मौजूद रहेंगे।