हाफ मैराथन में काजल पासवान ने हासिल किया पहला स्थान, ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

गणेश धर द्विवेदी-

खेल के मैदान में देवरिया की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का मान बढ़ाया है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 23 से 25 नवंबर तक आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में आंचल पासवान और काजल पासवान ने शानदार प्रदर्शन कर पदकों पर कब्जा जमाया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।

प्रतियोगिता में आंचल पासवान ने अपनी दमदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 800 मीटर दौड़ और तीन किलोमीटर स्टेपल चेज स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। इस तरह आंचल ने दो रजत पदक अपने नाम कर प्रतियोगिता में अपनी छाप छोड़ी।

वहीं काजल पासवान ने 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। काजल की इस उपलब्धि ने उन्हें एक और बड़े मंच तक पहुंचा दिया है। उनका चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दिसंबर में भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में काजल विश्वविद्यालय की प्रतिनिधित्व करेंगी।

एक ही प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। खेल प्रशिक्षक उमेश कोच सहित खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।