महुआनी तिराहे पर दो घंटे तक चक्काजाम, नालों पर अतिक्रमण को बताया जलभराव की बड़ी वजह

गणेश धर द्विवेदी

लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से धान की फसल पानी में डूबने के कगार पर है। खेतों और रिहायशी बस्तियों में जलभराव से परेशान किसानों और स्थानीय लोगों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। पानी निकासी की मांग को लेकर लोगों ने सुबह करीब 10 बजे महुआनी तिराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम से आवागमन बाधित रहा। अधिकारियों के समाधान के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

प्रदर्शन में वार्ड नंबर 17 के पगरा उर्फ परसिया, तिवारी टोला, पकड़ी, जटमलपुर, रामपुर खुर्द और वार्ड नंबर दो के मां नगरवा धूस समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार बारिश के कारण धान के खेतों में पानी भर गया है। निकासी का रास्ता बंद होने से पानी खेतों और बस्तियों में जमा है। यदि समय रहते पानी नहीं निकाला गया तो धान की फसल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

लोगों ने आरोप लगाया कि बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाए गए नालों पर अतिक्रमण होने से समस्या और गंभीर हो गई है। उन्होंने धान के खेतों में जमा पानी को नहर में छोड़ने की व्यवस्था कराने तथा जलनिकासी के अवरुद्ध रास्तों को तत्काल खुलवाने की मांग की।


जाम के कारण महुआनी तिराहे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौडिल्य और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जलभराव की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो गया।

प्रदर्शन में पूर्व प्रधान राम आशीष यादव,ब्यास मिश्रा,सभासद वृजेश यादव, अशोक यादव, आलोक त्रिपाठी, प्रिंस यादव, अरविंद त्रिपाठी, सभासद बबलू यादव, राजेश यादव, चंद्रिका यादव, पलटू तिवारी, दुलारे चौरसिया, अनमोल जायसवाल, विपिन नाथ तिवारी, अजित तिवारी और मिथिलेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।