बिजनौर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी
बिजनौर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बिजनौर पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद को 1,003 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 76 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि ये योजनाएं बिजनौर के विकास को नई दिशा देंगी और प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी सोच तथा जनकल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बिजनौर से जुड़ी पुरानी राजनीतिक धारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले मुख्यमंत्री यहां आने से डरते थे। लोगों के बीच यह मान्यता थी कि जो मुख्यमंत्री बिजनौर आता है, वह दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनता। उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है और बिजनौर विकास तथा सुशासन की नई पहचान बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर विदुर की पावन भूमि है और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी पुण्य भूमि पर कौन नहीं आना चाहेगा। जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी अद्भुत लीलाएं की हों, उस धरती को बार-बार देखने और नमन करने की इच्छा स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि बिजनौर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पूरे प्रदेश का गौरव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगी। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक जिले के संतुलित और समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र, प्रतीकात्मक चेक और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासों की चाबियां वितरित की गईं। इसके साथ ही नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति-पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिन परियोजनाओं की शुरुआत आज बिजनौर में हुई है, उनसे जिले के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
