पुणे और बेंगलुरु के यात्रियों को मिलने वाली है बड़ी राहत, नई तकनीक और स्पीड से समय की होगी भारी बचत
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली
भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर और तेज सुविधा देने की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में अब पुणे और बेंगलुरु के बीच यात्रा करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जल्द ही इस रूट पर आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने जा रही है, जिससे दोनों शहरों के बीच सफर का समय काफी कम हो जाएगा।
अभी तक पुणे से बेंगलुरु के बीच करीब 938 किलोमीटर की दूरी तय करने में यात्रियों को 18 से 20 घंटे तक का समय लग जाता है। लेकिन नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन इस दूरी को लगभग 12 से 13 घंटे में पूरा करने में सक्षम होगी। इसका मतलब है कि यात्रियों के करीब 5 से 6 घंटे की बचत होगी, जो नियमित यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव साबित होगा।
यह ट्रेन विशेष रूप से लंबी दूरी को ध्यान में रखते हुए डिजाइन की गई है। इसमें कुल 16 कोच होंगे, जिनमें फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यात्रियों के आराम का पूरा ध्यान रखते हुए कोच में बेहतर बर्थ, कम शोर वाली तकनीक और झटकों को कम करने वाला उन्नत सस्पेंशन सिस्टम लगाया गया है। इसके अलावा ऑटोमेटिक दरवाजे और पूरी तरह वातानुकूलित कोच यात्रा को और भी आरामदायक बनाएंगे।
ट्रेन में एक बार में 800 से अधिक यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। इसकी अधिकतम रफ्तार 160 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है, जिससे यह भारत की सबसे तेज और आधुनिक ट्रेनों में शामिल होगी। सुरक्षा के लिहाज से इसमें ‘कवच’ प्रणाली भी दी जाएगी, जो टक्कर जैसी घटनाओं को रोकने में मदद करती है।
रेलवे की योजना के अनुसार यह ट्रेन मुंबई और बेंगलुरु के बीच चलाई जाएगी, जिसमें पुणे एक प्रमुख स्टॉप के रूप में शामिल रहेगा। इससे पुणे के यात्रियों को भी इस हाई-स्पीड सेवा का सीधा लाभ मिलेगा। हालांकि अभी तक किराये को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन संकेत हैं कि इसका किराया प्रीमियम श्रेणी में रखा जा सकता है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बेंगलुरु सेंट्रल से सांसद पीसी मोहन ने भी इस परियोजना को लेकर पुष्टि की है। आने वाले समय में इसके संचालन की तारीख, टाइम टेबल और किराये से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।