उत्तर प्रदेश। सदर विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय असना में शनिवार को पौधरोपण अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में सैकड़ों फलदार पौधे लगाए। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि सदर खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संतुलित रहेगा तभी आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर शासन के निर्धारित लक्ष्य को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन से पृथ्वी पर सभी जीवों के सामने संकट उत्पन्न हो रहा है, इसलिए पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि वैज्ञानिकों के अनुसार हानिकारक गैसों से ओजोन परत प्रभावित हो रही है, जो पृथ्वी को पराबैंगनी किरणों से सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण व पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों के माध्यम से प्रदूषण कम किया जा सकता है और सभी को इसमें भागीदारी निभानी चाहिए।

प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र नाथ चौबे ने बच्चों से अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर शिक्षक रामप्रताप यादव, अवनीश कुमार, कुसुम देवी, राकेश सिंह, राधिका, सुमन, रमेश, राकेश, शिवम, विमलेश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थियों ने पौधरोपण किया।