पिता ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का लगाया आरोप, शरीर पर पुलिस को नहीं मिले स्पष्ट चोट के निशान

पूर्वी चंपारण : शादी को अभी करीब एक साल ही गुजरा था। वैवाहिक जीवन को लेकर रुखसार ने भी तमाम सपने संजोए थे। दो महीने पहले ही वह बकरीद के समय पति के साथ ससुराल लौटी थी, लेकिन रविवार को पचपकड़ी थाना क्षेत्र के मुरली गांव में उसी ससुराल के घर से उसकी लाश बरामद हुई। नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस को प्रारंभिक जांच में शरीर पर कोई स्पष्ट चोट का निशान नहीं मिला है। ऐसे में रुखसार की मौत की असली वजह अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से सामने आएगी।

जानकारी के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले रुखसार का निकाह मुरली गांव निवासी मुमताज से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से हुआ था। मुमताज विदेश में नौकरी करता था। उसके चाचा अब्दुस कलाम बैग बनाने का काम करते हैं और शादी कराने में उनकी प्रमुख भूमिका बताई गई है।

निकाह के बाद रुखसार अपनी ससुराल चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले बकरीद के अवसर पर मुमताज अपनी पत्नी की रुखसती कराकर उसे ससुराल लेकर आया था। इसके बाद रुखसार मुरली गांव स्थित अपने ससुराल में रह रही थी।

रविवार को परिस्थितियां अचानक बदल गईं। घर के अंदर रुखसार की लाश मिलने की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। नवविवाहिता की मौत की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी पचपकड़ी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पचपकड़ी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर प्रारंभिक छानबीन करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया।

बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे। मृतका के पिता ने पचपकड़ी थाने में आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि रुखसार को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। उन्होंने इसी प्रताड़ना के क्रम में बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। थानाध्यक्ष उत्तम कुमार के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान दिखाई नहीं दिए हैं। मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण से हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटनास्थल और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

रुखसार की मौत हत्या है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, फिलहाल इसका जवाब जांच के दायरे में है।