फल विक्रेता से मारपीट का आरोप, टूटा हाथ, तीन दिन से कोतवाली के चक्कर लगा रहा पीड़ित
गणेश धर द्विवेदी
सदर कोतवाली क्षेत्र के कचहरी चौराहे पर फल की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार ने कुछ लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित राकेश सोनकर का दावा है कि मारपीट में उसके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है तथा सिर, सीने और हाथ में चोटें आई हैं। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पिछले तीन दिनों से वह कार्रवाई के लिए कोतवाली के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
राकेश सोनकर के मुताबिक वह कचहरी चौराहे पर शिव मंदिर के सामने फल की दुकान लगाता है। आरोप है कि दोपहर में गुलारे जायसवाल ने उसके भतीजे के साथ गाली-गलौज की। इसकी जानकारी होने पर शाम को राकेश मामले के संबंध में पूछताछ करने पहुंचा। आरोप है कि वहां उसके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप जायसवाल, संदीप जायसवाल, बड़कू और नीरज सोनकर समेत करीब आठ से दस लोग मौके पर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की। राकेश का कहना है कि नीरज सोनकर उसे वहां दुकान नहीं लगाने देने और मारकर भगाने की धमकी देता रहा।
मारपीट में हाथ टूटने का दावा करते हुए पीड़ित ने बताया कि उसके सिर, सीने और हाथ में भी चोटें आई हैं। उसका कहना है कि पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए भेजा था। मेडिकल के बाद एक्स-रे कराने की बात कही गई, लेकिन अभी तक एक्स-रे नहीं हो सका है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे लगातार धमकियां भी मिल रही हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। मेडिकल और एक्स-रे रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
