गणेश धर द्विवेदी

रुद्रपुर रोड स्थित कतरारी में शुक्रवार को महान समाजसेवी स्वर्गीय राम छबिला यादव की स्मृति को समर्पित मार्ग एवं कॉलोनी का भव्य लोकार्पण हुआ। नगर पालिका परिषद की ओर से मुख्य मार्ग का नामकरण आधिकारिक रूप से ‘राम छबिला यादव मार्ग’ किए जाने पर क्षेत्रवासियों में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के दौरान स्व. राम छबिला यादव के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अलका सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर आकाश में गुब्बारे भी छोड़े गए।

समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि स्व. राम छबिला यादव का पूरा जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने शोषित, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा को अपना दायित्व माना। उनका योगदान समाज के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उनके सम्मान में मार्ग और कॉलोनी का नामकरण किया जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने घोषणा की कि नगर पालिका बोर्ड में प्रस्ताव पारित कराकर राम छबिला यादव मार्ग पर भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कराया जाएगा। विशिष्ट अतिथि बालेंदु बहादुर सिंह ने भी स्व. यादव के योगदान को याद करते हुए स्मृति द्वार निर्माण की मांग का समर्थन किया।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने किया। अध्यक्षता समाजसेवी सुभाष यादव ने तथा संचालन रवि प्रकाश यादव ने किया। इस दौरान स्व. राम छबिला यादव की पत्नी कलावती देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सभासद, समाजसेवी, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।