बेटे आनंद भोसले ने दी मुखाग्नि, महाराष्ट्र पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया
कौस्तुभ कुमार मलयज
भारतीय संगीत जगत की अनमोल रत्न आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके बेटे आनंद भोसले ने मुखाग्नि दी। महाराष्ट्र पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उनका गाना अभी ना जाओ छोड़कर…गाकर अंतिम विदाई दी। उनका पार्थीव शरीर अंतिम दर्शन के लिए मुंबई स्थित निवास 'कसा ग्रांडे' में रखा गया था। उन्हें तिरंगे में लपेटकर सलामी दी गई।
प्रशासन और परिवार ने उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए विस्तृत इंतजाम कर रखा था। पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर सुबह से ही संगीत जगत की हस्तियां, राजनेता और उनके हजारों प्रशंसक अपनी चहेती गायिका को अंतिम विदाई देने पहुंचे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए बेटे आनंद भोसले ने प्रशंसकों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा, "मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वहां शिवाजी पार्क और आवास अधिक भीड़ न करें। हम जानते हैं कि मां के प्रति लोगों का प्रेम अथाह है, लेकिन व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने में हमारा सहयोग करें। सुरक्षा के लिहाज से मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क और दादर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है और यातायात के रूट में भी बदलाव किए गए।
एक युग का अवसान आशा भोसले को शनिवार शाम कार्डियक अरेस्ट के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुनिया भर के बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।