​शहर के अति-सुरक्षित माने जाने वाले कोतवाली रोड स्थित डीएम आवास के पास शनिवार रात बेखौफ चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने 'एजीएस बैटरी' नामक दुकान का शटर फैलाकर काउंटर में रखी 3.60 लाख रुपये की नकदी पार कर दी। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

​सदर कोतवाली क्षेत्र के भीखमपुर रोड निवासी अंकित गुप्ता की कोतवाली रोड पर बैटरी की दुकान है। अंकित तीन दिन पहले दुकान की जिम्मेदारी अपने कर्मचारियों को सौंपकर मध्य प्रदेश गए थे। शनिवार रात करीब नौ बजे मैनेजर चंदन विश्वकर्मा और अन्य कर्मचारी दुकान बंद कर घर चले गए थे।

​रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मैनेजर चंदन जब दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर का बैनर क्षतिग्रस्त मिला और शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और दो अलग-अलग जगहों पर रखे करीब 3.60 लाख रुपये गायब थे। मैनेजर ने तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक और पुलिस को दी।

​सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और सीओ सिटी संजय रेड्डी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

​इसके साथ ही पुलिस दुकान के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएम आवास के पास हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।