गणेश धर द्विवेदी

भारतीय किसान संघ जनपद देवरिया के नेतृत्व में मंगलवार को किसानों ने अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजने की मांग की। 

स्थानीय स्तर पर किसानों की विभिन्न समस्याओं केसमाधान के लिए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। 

संघ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार किसानों ने सिंचाई के लिए विद्युत बिल एवं विद्युत कनेक्शन निशुल्क किए जाने, कृषि योग्य भूमि के अधिग्रहण की स्थिति में नए सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा देने तथा शहरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग उठाई। इसके साथ ही सरकारी नलकूपों के सिंचित क्षेत्र में वृद्धि और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की फसल सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। फसलों को पशुओं एवं जंगली सुअरों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए भी ठोस कदम उठाने की मांग की गई। संगठन ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष किए जाने की मांग भी उठाई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने गांवों में किसानों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर शिकायतों का समाधान कराने की आवश्यकता बताई।

भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की मांगों को संबंधित अधिकारियों और सरकार तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।