गणेश धर द्विवेदी
प्रदेश के देवरिया में भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सड़क पर आ गई है। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के खरोह चौराहे पर मंगलवार को स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में एक ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के ड्राइवर का सिर फट गया और कई अन्य कार्यकर्ता घायल हो गए।

मंगलवार को भाजपा के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के प्रथम आगमन पर स्वागत के लिए चौराहे पर पार्टी समर्थकों का हुजूम जुटा था। इसी दौरान सलेमपुर के पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा और लार के भाजपा नेता व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित सिंह के समर्थक गुटों के बीच गाड़ियों की ओवरटेकिंग और पार्किंग को लेकर बहस छिड़ गई। वर्चस्व की इस लड़ाई में दोनों गुटों के कार्यकर्ता आपा खो बैठे और लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मचा तांडव
हैरानी की बात यह रही कि जब दोनों गुटों में मारपीट हो रही थी, तब भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत संगठन के कई बड़े पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद थे। गुटों के बीच बढ़ी हिंसा से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों गुटों को अलग किया, लेकिन तब तक पूर्व सांसद के चालक को घेरकर बुरी तरह पीटा जा चुका था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, साधी चुप्पी
दोनों गुटों की इस हिंसक भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। वीडियो में कार्यकर्ता बेखौफ होकर एक-दूसरे पर लाठियां भांजते नजर आ रहे हैं। इस अंदरूनी कलह पर भाजपा के शीर्ष पदाधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है, वहीं स्थानीय पुलिस की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई सामने नहीं आई है।