यूपी कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित तैयारी बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा- यह सवाल जनता के बीच उठाया जाना चाहिए कि सरकार किसानों से उनकी जमीन किस सर्किल रेट पर ले रही है और वही जमीन बिल्डरों को किस दर पर उपलब्ध कराई जा रही है
लखनऊ। किसानों की जमीन, एमएसपी और व्यापार समझौतों से जुड़े मुद्दों को लेकर यूपी कांग्रेस ने प्रदेश में ‘‘किसान अधिकार यात्रा’’ निकालने की तैयारी में है। कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित तैयारी बैठक में किसानों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को यात्रा के दौरान मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। इस दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा में सर्किल रेट और भूमि अधिग्रहण के मुद्दे को प्रमुखता से शामिल किया जाए। यह सवाल जनता के बीच उठाया जाना चाहिए कि सरकार किसानों से उनकी जमीन किस सर्किल रेट पर ले रही है और वही जमीन बिल्डरों को किस दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही बिल्डर उसी जमीन पर बने फ्लैट किस कीमत पर बेच रहे हैं, इसका भी जवाब और सच जनता के सामने आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून और किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा यात्रा के प्रमुख मुद्दों में शामिल किए जाएं, जिससे किसानों को पता चल सके कि अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी और डबल इंजन की सरकार किस प्रकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। किसान अधिकार यात्रा के माध्यम से किसानों की जमीन, फसल के उचित मूल्य, एमएसपी, मुआवजे और कृषि नीति से जुड़े सवालों को व्यापक स्तर पर उठाये जाने की आवश्यकता है।
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा का मुख्य उद्देश्य किसानों की आवाज को मजबूती से उठाना है। यात्रा के दौरान एमएसपी, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, कृषि क्षेत्र से जुड़े ट्रेड डील्स तथा किसानों को प्रभावित करने वाले सरकार के फैसलों को प्रमुखता से जनता के बीच रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े इन मुद्दों पर गांव-गांव संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को मजबूती से सामने लाने की आवश्यकता है।
इस बैठक में किसान कांग्रेस जोन प्रभारी दिलीप मिश्रा एवं मध्य जोन एआईसीसी प्रभारी आनंद पाल सिंह, मध्य जोन चेयरमैन बृज मौर्या, पूर्वी जोन चेयरमैन राम अधार जोसेफ, किसान अधिकार यात्रा पूर्वी जोन चेयरमैन शशि उपाध्याय, राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर आरसी पांडेय, पूर्वी जोन उपाध्यक्ष कन्हैया यादव भारतीय, मध्य जोन उपाध्यक्ष सर्वेश श्रीवास्तव, भारतीय एवं महासचिव कमलेश तिवारी, सचिव अतुल वर्मा, अमित प्रताप सिंह, प्रदीप मिश्रा, महेंद्र यादव, अरूण त्रिपाठी, एबी खान सहित विभिन्न जिलों से आए किसान कांग्रेस के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
