- म्युनिसिपल पार्क में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई 135वीं जयंती।
पंजाब के मानसा शहर का म्युनिसिपल पार्क उस समय श्रद्धा और उत्साह से भर उठा, जब भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे माहौल में बाबा साहेब के विचारों की गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीवीएसआई सेंट्रल वाल्मीकि सभा इंडिया के प्रेसिडेंट और सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रेसिडेंट जितेंद्र अटवाल ने दीप प्रज्वलित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ पूरी टीम ने पुष्प अर्पित कर बाबा साहेब के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया।
इस मौके पर अपने संबोधन में जितेंद्र अटवाल ने कहा कि बाबा साहेब ने अपने संघर्ष और शिक्षा के बल पर देश के हर नागरिक को समान अधिकार दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं, वह बाबा साहेब की देन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर घर में बाबा साहेब की जीवनी की किताब जरूर होनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और विचारों को समझ सकें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बन सकें।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब ने बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए समाज के वंचित वर्गों को आवाज दी और उन्हें शासन व्यवस्था में भागीदारी का अधिकार दिलाया। यही कारण है कि आज हर व्यक्ति को उनके बताए रास्ते पर चलकर शिक्षा, एकता और संघर्ष को अपनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि घर और कार्यालय में बाबा साहेब की तस्वीर लगाकर उनके विचारों को याद रखना और उन्हें जीवन में उतारना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बाबा साहेब के विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी मार्गदर्शक हैं। उन्होंने समाज में भाईचारे, समानता और न्याय की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सफाई कर्मचारी यूनियन के मुख्य सलाहकार मुकेश कुमार रत्ती, पवन कुमार टांक, उपाध्यक्ष अनित कुमार, सचिव विशाल कुमार, कोषाध्यक्ष सोनू चेहन, प्रेस सचिव राजविंदर, प्रचार सचिव राहुल, सहायक कोषाध्यक्ष तरसेस कुमार, सदस्य बूटा राम, विजय कुमार, बाला राम अटवाल, राम सिंह अटवाल, प्रेम कुमार लोटिया, पप्पू कुमार लोटिया और सम्मी लोटिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य सलाहकार मुकेश कुमार रत्ती और अन्य पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए जय भीम जय भारत के नारों के साथ समारोह का समापन किया।
