ऑपरेशन साइबर के तहत बिजनौर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
बिजनौर। सोशल मीडिया पर निवेश का लालच, HSRP की फर्जी वेबसाइट और फर्जी जन सेवा केंद्र के जरिए साइबर ठगी का जाल फैलाने वाले एक संगठित गिरोह का बिजनौर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन साइबर के तहत थाना स्योहारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें इन्वेस्टमेंट के नाम पर आकर्षक लाभ का लालच देकर ठगी का शिकार बनाते थे। इसके अलावा आरोपियों ने HSRP यानी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट की फर्जी वेबसाइट बना रखी थी। इस वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी की जा रही थी।
जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्य फर्जी जन सेवा केंद्र यानी CSC भी संचालित करते थे। इन केंद्रों के माध्यम से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों का दुरुपयोग कर साइबर अपराधों को अंजाम दिया जाता था।
थाना स्योहारा पुलिस ने सभी 11 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
