किराए के मकान में डेढ़ साल से रह रही थी युवती, मॉल में करती थी काम, सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची, जांच शुरू
स्टेट ब्यूरो, बिहार
मुजफ्फरपुर शहर के नगर थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गोला बांध रोड स्थित एक किराए के मकान में रह रही युवती का शव कमरे के पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जुट गई।
मृत युवती की पहचान श्वेता के रूप में हुई है, जो सकरा थाना क्षेत्र के नेमोपुर मुरलिया गांव की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से गोला बांध रोड स्थित एक किराए के मकान में रह रही थी। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह सरैयागंज स्थित एक मॉल में काम कर रही थी और यहीं रहकर अपना जीवन यापन कर रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं, परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इस रहस्यमय मौत को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।