- रहस्यमय हालात में गई 22 साल के बंटी की जान।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी मौत की असली वजह
उत्तर प्रदेश : बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय युवक का शव बाग में पेड़ से लटका हुआ मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही इस घटना की सूचना गांव में फैली, मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मृतक की पहचान कस्बा रेहड़ निवासी बंटी कुमार के रूप में हुई है, जो धर्मपाल सिंह का पुत्र था। बताया जा रहा है कि बंटी सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह पासपोर्ट के सिलसिले में बरेली जा रहा है। लेकिन किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर पूरे परिवार को झकझोर कर रख देगी।
घटना की जानकारी के अनुसार आनंद रस्तोगी के खेत में स्थित एक बाग में पेड़ से लटका हुआ शव देखा गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जब इस घटना की सूचना परिवार तक पहुंची तो मातम पसर गया। बंटी की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि बंटी उनके परिवार का बड़ा बेटा था और उसके पिता इस समय ऋषिकेश के एम्स अस्पताल में इलाजरत हैं। ऐसे में बेटे की अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
फिलहाल, पुलिस इस मामले को प्रथम दृष्टि में आत्महत्या मान रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के पीछे की सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, लेकिन फिलहाल इस रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।