खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देवरिया जिले का गौरव बढ़ाया

गणेश धर द्विवेदी

गोवा में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया इंडोर आर्चरी टूर्नामेंट 2026 में श्रीनेट ग्लोबल स्कूल एवं एसबीआईएफ एसीई संजीवा सिंह आर्चरी इंस्टीट्यूट के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देवरिया जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-13 रिकर्व वर्ग में प्रज्ञा सिंह ने रजत और प्रभात सिंह ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अंडर-13 गर्ल्स रिकर्व वर्ग में प्रज्ञा सिंह ने रैंकिंग राउंड में 285 एवं 281 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसके बाद एलिमिनेशन राउंड में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में हरियाणा की शाहाज से कड़े संघर्ष के बाद उन्हें रजत पदक मिला।

वहीं अंडर-13 बॉयज रिकर्व वर्ग में प्रभात सिंह ने 285 एवं 282 अंक अर्जित किए। उन्होंने महाराष्ट्र, तमिलनाडु और चंडीगढ़ के खिलाड़ियों को हराते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। अंडर-13 कंपाउंड बॉयज वर्ग में आर्य प्रताप सिंह ने 289 एवं 288 अंक प्राप्त कर रैंकिंग राउंड में पहला स्थान हासिल किया।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. मधु सिंह और अकादमिक निदेशक संजीवा सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में भारत के ओलंपिक सपनों को नई दिशा देगी।