कुशीनगर में 9 से 11 मई तक आयोजित पुलिस खेल प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन की 11 टीमों ने प्रतिभाग किया था
गणेश धर द्विवेदी
उत्तर प्रदेश पुलिस की गोरखपुर जोन स्तरीय अन्तर्जनपदीय पुलिस खेल प्रतियोगिता में देवरिया पुलिस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल और बुशू प्रतियोगिता में चैंपियन बनकर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में देवरिया पुलिस टीम ने मेजबान कुशीनगर को 4-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं महिला फुटबॉल टीम ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कुशीनगर को 1-0 से मात देकर प्रथम स्थान हासिल किया। बुशू प्रतियोगिता में भी देवरिया पुलिस की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में देवरिया पुलिस के आरक्षी कामरान अली को पूरे आयोजन का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक मुथा अशोक जैन ने ट्रॉफी एवं शील्ड देकर सम्मानित किया।
पुलिस कार्यालय देवरिया में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने महिला एवं पुरुष विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने की बात कही।