पुलिस लाइन में 151वीं जयंती पर लौह पुरुष को दी गई श्रद्धांजलि, एसपी अभिजित आर. शंकर ने पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

गणेश धर द्विवेदी

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को देवरिया पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा का संकल्प लिया। पुलिस लाइन में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर राष्ट्र के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव और एकता की भावना मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में सक्रिय योगदान देने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर एसपी अभिजित आर. शंकर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और एकता का प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी लाइन गौरव सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में जनपद के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। देवरिया पुलिस ने राष्ट्र की एकता-अखंडता की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।