सोशल मीडिया पर सकारात्मक और ज्ञानवर्धक सामग्री से कमाई के अवसरों पर हुई चर्चा, युवाओं ने साझा किए अनुभव, शशांक मणि बोले-हुनर को कारोबार से जोड़ें

गणेश धर द्विवेदी

बरपार स्थित जागृति उद्यम केंद्र के बरगद सभागार में रविवार को नैनो क्रिएटर मीट का आयोजन किया गया। इसमें जिले के कंटेंट क्रिएटरों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में कंटेंट क्रिएशन की संभावनाओं, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और इसके माध्यम से आय अर्जित करने के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जागृति के संस्थापक एवं सदर सांसद शशांक मणि ने कहा कि कंटेंट क्रिएशन अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कमाई और रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इस क्षेत्र में काम कर रहे युवा पारंपरिक रोजगार व्यवस्था से अलग अपनी राह बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आपसी सहयोग से टीम बनाकर अपने हुनर को उद्यम के रूप में आगे बढ़ाएं और नए अवसरों का सृजन करें।