गणेश धर द्विवेदी

लार थाना क्षेत्र के ग्राम भीकम छपरा में सड़क पर ब्रेकर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।  घायल हुए रामेश्वर तिवारी पुत्र स्व. जयमंगल तिवारी (करीब 50 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मामले में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ घटना से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।