जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने पुलिस अधिकारियों को दिए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

गणेश धर द्विवेदी

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को थाना भटनी का औचक निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से थाने की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और उनके सुव्यवस्थित रखरखाव पर जोर दिया। साथ ही, थाना परिसर की साफ-सफाई तथा कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने व संवेदनशील मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। फरियादियों की शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बरती जाए। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाए।