देवरिया कोतवाली में हुई शांति समिति की बैठक
गणेश धर द्विवेदी
आगामी गणेश चतुर्थी एवं विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहार आयोजकों के साथ ही क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों और अन्य आयोजनों के संबंध में जानकारी ली गई। क्षेत्राधिकारी नगर ने आयोजकों को शासन एवं प्रशासन की ओर से निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम आपसी भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से अपील की कि वे कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही आपत्तिजनक गतिविधियों से दूर रहने, निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा भीड़ प्रबंधन में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया।
