संदिग्ध युवक हिरासत में, पूछताछ में नहीं दे सका रकम का हिसाब

गणेश धर द्विवेदी

रेलवे स्टेशन देवरिया सदर पर चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस ने एक संदिग्ध युवक के पास से 30 लाख 23 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद नकदी के संबंध में युवक कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।

राजकीय रेलवे पुलिस अनुभाग गोरखपुर के अंतर्गत जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने रविवार को ट्रेन संख्या 15565 वैशाली एक्सप्रेस के देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जंक्शन तक चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास मौजूद अदद बैग की तलाशी ली गई। बैग से 30,23,200 रुपये नकद बरामद हुए।