गणेश धर द्विवेदी



देवरिया: जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को विकासखंड भटनी के रुपई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। उन्होंने पठन-पाठन, उपस्थिति पंजिका, अभिलेखीय व्यवस्थाओं, छात्राओं की उपस्थिति तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं की डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए।

डीएम ने कक्षा 6 एवं 8 की छात्राओं से सीधे संवाद किया, उनसे पाठ्यपुस्तक पढ़वाई और विषय से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि किसी भी छात्रा का ड्रॉपआउट न होने पाए तथा पढ़ाई का स्तर लगातार बेहतर बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान रसोईघर, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। विद्यालय की वार्डन ने भवन में सीलन और बरसात के समय जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय विद्यालय के लगभग सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।