जनपद के मईल क्षेत्र में धारदार हथियार से हमला, रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो के पास मिले शव, आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस की तीन टीमें
गणेश धर द्विवेदी
जनपद के मईल थाना क्षेत्र में मंगलवार की आधी रात दो बाइक सवार युवकों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों युवकों की जान ले ली। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दोनों के शव रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो के पास मिले।
मृतकों की पहचान ईटहुरा हजाम निवासी विनय यादव और करजहां निवासी वकील यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मंगलवार की रात लार की तरफ गए थे और वहां से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उन्हें निशाना बना लिया।
हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पर दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे एसपी ने मामले की तहकीकात की। बताया जा रहा है कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
