न्यू चश्मा घर के मालिक नन्हें वारसी ने रेड ईगल क्लब के आयोजक पद्म भास्कर मणि अप्पू को किया सम्मानित

गणेश धर द्विवेदी

शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर हनुमान मंदिर चौराहे पर रेड ईगल क्लब की ओर से सजाए गए आकर्षक पूजा पंडाल और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर आयोजक मंडल में हर्ष का माहौल रहा। देवरिया के भुजौली रोड स्थित न्यू चश्मा घर के मालिक नन्हें वारसी द्वारा रेड ईगल क्लब के आयोजक पद्म भास्कर मणि अप्पू को प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान आयोजकों की सराहना करते हुए पंडाल की भव्य सजावट, आकर्षक कलाकारी और मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा की प्रशंसा की गई।

रेड ईगल क्लब का पंडाल इस बार दुर्गा पूजा मेले में श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। पंडाल की साज-सज्जा और प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा और मनमोहक श्रृंगार ने भक्तों का मन मोह लिया। पंडाल की विशेष सजावट ने उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। सम्मान समारोह के दौरान ब्राइट फ्यूचर के संस्थापक राहुल राय, आयुष मिश्रा, आयोजक मंडल के सदस्य आलोक त्रिपाठी, मनोज मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रथम पुरस्कार मिलने पर क्लब के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।