मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा और दिव्य शृंगार के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, हनुमान मंदिर चौराहे पर जाम ने खोली यातायात व्यवस्था की पोल, गलत रूट डायवर्जन से मेले में चरमराई व्यवस्था
गणेश धर द्विवेदी
शारदीय नवरात्र की नवमी पर शहर के दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मेले में हनुमान मंदिर चौराहे पर स्थित रेड ईगल क्लब का भव्य पंडाल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। पंडाल में विराजमान मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा और उनका मनमोहक शृंगार भक्तों को खूब भाया। आकर्षक सजावट और मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। हालांकि, मेले में उमड़ी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था की खामियां भी खुलकर सामने आ गईं। यह माना जा रहा है कि गलत रूट डायवर्जन से मेले में भीड़ को नियंत्रित करने वाली व्यवस्था चरमराई गई।

रेड ईगल क्लब के पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। नवमी के अवसर पर शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से मेले की रौनक देखते ही बनी।

