श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गणेश धर द्विवेदी

शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए देवरिया पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी और कोतवाली प्रभारी के साथ शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में पहुंचकर आयोजकों से बातचीत की और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंडालों में प्रवेश और निकास के रास्ते पूरी तरह खुले रहें, ताकि भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित रखने तथा अग्नि सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर त्योहार को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।