एसपी अभिजीत आर. शंकर ने नागरिकों से की अपील, कहा-शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें

गणेश धर द्विवेदी

कुर्बानी, त्याग और इंसानियत का प्रतीक माने जाने वाले त्योहार बकरीद को लेकर जहां मुस्लिम समुदाय के बीच तैयारियां तेज हैं, वहीं इस पर्व पर सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहे, इसको लेकर जिला प्रशासन भी एक्शन मोड में दिखने लगा है। जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को डीएम मधुसूदन हुल्गी व एसपी अभिजीत आर. शंकर ने थाना कोतवाली क्षेत्र में संयुक्त रूप से पैदल गश्त किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ शहर के सुभाष चौक, रेलवे चौकी, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील इलाकों और मुख्य मार्गों का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनपद प्रशासन व पुलिस आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अधिकारी द्वय ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सलाह दी। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती दिखाई दी। लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि पुलिस और प्रशासन को समय-समय पर इस तरह सड़क पर निकलना चाहिए, ताकि आमलोगों में सुरक्षा और संरक्षा के भाव के साथ एक अटूट भरोसे की उम्म्द कायम रहे।