गणेश धर द्विवेदी
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुखुन्दू थाना पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान सोने की माला और मंगलसूत्र छीनने की वारदात में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
रात में चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
31 जुलाई/ 1 अगस्त की मध्य रात्रि की है। खुखुन्दू पुलिस को सूचना मिली कि बीते 29 जुलाई को ग्राम तिलौली में महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी बहादुरपुर से पझरी बाजार की तरफ आ रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने महुई पाण्डेय गांव के पास पार्क एवं पुलिया के निकट संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान बाइक से आ रहे दो युवकों को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे और घबराकर गिर गए। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश कलीम शाह (25 वर्ष) के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे अभियुक्त मुसाफिर शाह (24 वर्ष) को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से ही दबोच लिया। दोनों आरोपी मोहन मुंडेरा, थाना रामपुर कारखाना, देवरिया के निवासी हैं।
सोने की लकेट, तमंचा और बाइक बरामद
पुलिस तलाशी में अभियुक्तों के पास से छीनी गई सोने की माला मय लकेट, 02 तमंचा (.315 बोर), 02 खोखा कारतूस, 02 जिन्दा कारतूस, 02 एंड्रॉयड मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ शाहपुर (गोरखपुर) और खुखुन्दू थाने में पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
