गेहूं कटाई के दौरान फसल अवशेष न जलाने की अपील
गणेश धर द्विवेदी
देवरिया में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने और गेहूं कटाई के दौरान फसल अवशेष न जलाने की अपील की गई। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में खाद व बीज की कोई कमी नहीं है। खरीफ बीज का वितरण शीघ्र शुरू होगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कि फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी समस्याओं को शासन तक भेजा जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि कोई खरीद केंद्र गेहूं को पतला बताकर अस्वीकार करता है तो उसका कारण लिखित में लिया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना तत्काल दी जाए। साथ ही किसानों को तीसरी फसल व घर पर सब्जी उत्पादन अपनाने की सलाह दी।
किसानों ने मंडी में बैठने व सब्जी बिक्री के लिए स्थान निर्धारित करने, खरीद केंद्रों पर बोरे की कमी, मलकौली में खरीद केंद्र तथा गेहूं को पतला बताकर की जा रही कटौती की समस्या उठाई। इस पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और मलकौली में केंद्र संचालित होने की जानकारी दी। विद्युत विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की मांग भी उठाई गई।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि अब तक 8.27 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष भुगतान की प्रक्रिया जारी है। फसल बीमा के तहत खरीफ 2025 में 1621 किसानों को करीब 30 लाख रुपये का भुगतान प्रस्तावित है।
पशुपालन विभाग ने नंद बाबा मिशन, नंदिनी योजना व भेड़-बकरी पालन योजनाओं की जानकारी देते हुए 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान बताया और नई योजनाएं मई-जून में आने की संभावना जताई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान प्रतिनिधि व किसान उपस्थित रहे।

