गेट नंबर दो के शिवहर पॉइंट के पास खड़ी थी आलोक ट्रेवल्स की बस

मुजफ्फरपुर : यात्रियों की आवाजाही और बसों के शोर के बीच रविवार की सुबह बैरिया बस स्टैंड पर उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब खड़ी एक यात्री बस से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग आग बुझाने में जुट गए, वहीं पास खड़ी दूसरी बसों को सुरक्षित स्थान पर हटाने की कवायद शुरू हो गई। घटना के बाद बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना रविवार की सुबह करीब 10 बजे बैरिया बस स्टैंड के गेट नंबर दो के पास हुई। बताया जा रहा है कि शिवहर पॉइंट के समीप आलोक ट्रेवल्स की यात्री बस खड़ी थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

बस के आसपास कई अन्य वाहन भी खड़े थे। ऐसे में आग फैलने की आशंका को देखते हुए लोग पास खड़ी दूसरी बसों को वहां से हटाने में जुट गए। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने उपलब्ध साधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।

घटना के दौरान बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। अचानक हुई इस घटना से कुछ समय के लिए बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बताया जा रहा है कि आग लगने के समय बस खड़ी थी। उसमें अचानक आग कैसे लगी, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।